नेपाली सीमा के करीब बड़ी कार्रवाई: 48.50 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
जिला व्यूरो शिवम पाण्डेय।
परसमालिक थाना/नौतनवा - महराजगंज।
भारत–नेपाल सीमा से सटे महराजगंज जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना परसामलिक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात सघन वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से करीब 48.50 किलोग्राम चरस बरामद करते हुए चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी की रात शिखुवानी शंकरपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई, जिसके बाद चालक राकेश यादव पुत्र स्व. रामनरेश यादव, निवासी शेखुवानी शंकरपुर को हिरासत में ले लिया गया।
बरामद मादक पदार्थ को पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस अब तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खेप कहां से लाई गई और किसे सप्लाई की जानी थी। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां मादक पदार्थों की तस्करी की गतिविधियां अक्सर सामने आती रहती हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।



















Post a Comment